नवगछिया : सड़क, पुल और पुलिया निर्माण में अनियमितता के खिलाफ इस्माईलपुर जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल के साथ स्थानीय ग्रामीण पिछले चार दिनों से अनुमंडल कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे हैं। शनिवार को ग्रामीणों ने धरना स्थल से आकर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यालय तेतरी में तालाबंदी कर विरोध किया। इसके साथ ही तेतरी जीरोमाइल चौक पर एनएच 31 को जामकर मुख्यमंत्री के समाधान यात्रा का विरोध किया। मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।
आक्रोशित लोगों ने कहा कि समाधान यात्रा नहीं समाधान चाहिए। विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने कहा कि नीतीश कुमार भले ही भागलपुर समाधान यात्रा पर आए हैं, लेकिन वह जनता का समाधान किए बिना ही चले जाते हैं। इस दौरान लगभग 45 मिनट एनएच जाम रहा। सूचना पर पहुंची नवगछिया पुलिस ने जाम हटवाया। इस मौके पर स्थानीय ग्रामीण अवधेश कुमार शर्मा, सुभाष कुमार, सुबोध कुमार, राहुल कुमार, अभिषेक कुमार, पैक्स अध्यक्ष अविनाश कुमार आदि ने कहा कि हम लोगों ने कई बार विभाग से मिन्नत की थी कि सड़क की तत्काल मरम्मती कराएं लेकिन यहां पर मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। समय पर कार्य नहीं किया जाता है। कार्य में संवेदक अभियंता की मिलीभगत है।
जिसके कारण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं हो पाता है। प्रतिवर्ष यहां बाढ़ आती है और सड़क टूटती है। विभाग को लिखित मौखिक सूचना देने के बावजूद भी वह मरम्मती कार्य भी समय पर नहीं करा पाता है, जबकि वारंटी पीरियड में सड़क आता है। उन्होंने बताया कि आधे दर्जन से अधिक सड़क दो-तीन महीने में उसका वारंटी पीरियड खत्म हो जाएगा, फिर भी उनके द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया है। कुछ एक जगह पर सिर्फ गड्ढा भरने का कार्य शुरू किया गया है। जब तक कार्य पूरा शुरू नहीं हो जाता है। तब तक हम धरना पर बैठे रहेंगे। इस्माईलपुर के जिला परिषद सदस्य ने बताया कि यह धरना अनिश्चितकालीन है जब तक हम लोगों का मांग पूरा नहीं होगा। तब तक हम लोग धरना पर बैठे रहेंगे।

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि जिस सड़क को लेकर लोग धरना पर बैठे हैं। उसमें मरम्मती का काम शुरू किया गया है। धीरे-धीरे सभी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इस संबंध में जिला पार्षद से बात हुई थी लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए।

