नवगछिया। नवगछिया के मुमताज मोहल्ला में बुधवार की सुबह लगभग 10 बजे भीषण आग लग गई। आग सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष चंद्र पांडे, पिता प्रद्युन पांडे के घर में लगी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन परिजन और स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह बता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सुभाष चंद्र पांडे अपने रिटायरमेंट के बाद मुमताज मोहल्ला स्थित घर में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके तीन पुत्र हैं — बड़े पुत्र दीपक कुमार पांडे, जो एनएच-31 पर हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं; छोटे पुत्र मनीष पांडे, जो आज़ाद ट्रांसपोर्ट में मैनेजर हैं; और बीच के पुत्र निकेश पांडे, जो बाहर काम करते हैं। आग लगने के समय घर में सुभाष चंद्र पांडे, उनकी बहू और छोटे बच्चे मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मंजिला मकान की छत पर बने स्टोर रूम से धुआं निकलता देखा गया। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के लोग जुट गए और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहले एक छोटी और फिर एक बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ी पहुंची। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग में छत पर रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया, जिसमें वाशिंग मशीन, स्टैंड फैन, पलंग, दो कंप्यूटर, शादी का लहंगा, अनाज के पांच ड्रम, तीन ट्रंक और चार बक्से शामिल थे। इस दौरान मनीष पांडे घायल हो गए। परिवार का अनुमान है कि आगजनी में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह आग आसपास के घरों तक फैल सकती थी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *