कालाबाजारी के लिए घर में छिपा कर रखे गए सिलेंडर में आग लग गई। इससे एक के बाद एक 12 सिलेंडर में विस्फोट हो गया। घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के नोनिया पट्टी मोहल्ले में रामचंद्र साह के घर में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। इस घटना में रामचंद्र साह का घर ध्वस्त हो गया साथ ही आग भी लग गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम काे दी।
कुछ देर बाद नवगछिया एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल, एसडीपीओ दिलीप कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रानंदन मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ की सूचना पर आधा घंटा बाद विभिन्न थानों से 7 फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। पूरे मामले पर एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल ने कहा कि अवैध रूप से घर में सिलेंडर रखने पर गृहस्वामी रामचंद्र साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
लोगों ने कहा- कई बार शिकायत करने के बाद भी आरोपी पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

नोनिया पट्टी मोहल्ले के लोगों का कहना है कि रामचंद्र साह कई साल से रसोई गैस की कालाबाजारी करता था। इसकी शिकायत हमने कई बार पुलिस और संबंधित अधिकारियों से की, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगर पुलिस और प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं होती। हादसे के बाद लोगों में काफी रोष है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
नवगछिया। सिलेंडर विस्फोट से नोनियापट्टी में रामचन्द्र साह, अरुण साह और पकंज लहेरी के घर में भीषण आग लग गयी। जिससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं सिलेंडर के लगातार हो रहे विस्फोट से एक वृद्ध कि हार्ट अटैक से मौत होने की जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से वारयल हो रही है। हालांकि मोहल्ले के लोग इससे इनकार कर रहे हैं
