नवगछिया स्टेशन रेलवे सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को स्टेशन परिसर में डीसीआई रविकांत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में रेलवे सलाहकार सदस्य प्रवीण भगत, मुकेश राणा और वशिष्ठ सिंह उपस्थित रहे। बैठक में पिछली बैठक में तय एजेंडा पर हुए कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया गया, वहीं अमृत भारत योजना के धीमी गति से चल रहे कार्यों पर असंतोष प्रकट किया गया।
Total Downloads: 163
बैठक में नवगछिया स्टेशन के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्य मुकेश राणा ने नवगछिया में अंडरपास निर्माण, मालगोदाम में सुविधाओं के विस्तार और कटिहार–पटना के बीच दोपहर के समय पैसेंजर ट्रेन परिचालन शुरू करने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने स्टेशन पर सौंदर्यीकरण कार्य को भी तेज करने की बात कही।
प्रवीण भगत ने न्यू जलपाईगुड़ी–आनंद विहार (12523/24) और कर्मभूमि एक्सप्रेस (12407/08) का नवगछिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा रेलवे की खाली भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

वशिष्ठ सिंह ने स्टेशन रोड को टू-लेन करने के लिए बीच में डिवाइडर निर्माण और दक्षिण छोर पर नए स्टॉल निर्माण की मांग रखी।बैठक में रेलवे के सीएस उपेंद्र मंडल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक विपिन कुमार और आईडब्ल्यू उपेंद्र कुमार भी उपस्थित थे।
डीसीआई रविकांत कुमार ने बताया कि नवगछिया स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रस्तावित हैं और कुछ प्रक्रियाधीन भी हैं। डीलक्स शौचालय का टेंडर अनुमोदित हो चुका है, 30 नए एनएफआर स्टॉल की निविदा पूरी हो चुकी है, जबकि दिव्यांगजन के लिए टिकट काउंटर पर विशेष व्यवस्था तथा शौचालय निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
