नवगछिया नगर पंचायत में पार्षद की टीम पूरी तरह से नई है
Total Downloads: 72
ऋषव मिश्रा कृष्णा, नवगछिया : नवगछिया नगर पंचायत का चुनाव परिणाम इस बार पूरी तरह से अप्रत्याशित रहा. नगर पंचायत की राजनीति के कई दिग्गज इस बार चुनाव हार गये. नगर पंचायत के पार्षदों की पूरी टीम पर नजर डालें तो पता चलता है कि यह टीम पूरी तरह से नई है और नये व राजनीति के नवोदितों की भरमार है. नवगछिया के चुनावी जानकारों का मानना है कि इस बार नगर पंचायत के मतदाताओं ने नवगछिया शहर को सुंदर बनाने के लिए नये चेहरों पर भरोसा किया. इतना बदलाव तभी होता है जब आम जनता के मन में विकास की ललक हो.

नवगछिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 से जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष शांति देवी चुनाव हार गयी हैं तो उनके पति जदयू के वरिष्ट नेता विरेंद्र कुमार सिंह भी चुनाव हार गये हैं. भाजपा के नवगछिया जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल वार्ड नंबर 22 से चुनाव हार गये हैं. नवगछिया नगर पंचायत की निर्वमान मुख्य पार्षद व जदयू जिलध्यक्ष नवगछिया चंदेश्वरी प्रसाद सिंह निषाद की पत्नी इंद्रा देवी चुनाव हार गयी हैं. इधर लगातार दो बार से जीत रहे वार्ड नंबर के प्रत्याशी जदयू नेता ज्ञानसक सिंह चुनाव हार गये हैं. नवगछिया नगर पंचायत से दो बार पार्षद रहे मो मोहीउद्दीन व उनकी पत्नी दोनों अगल आग वार्डों से चुनाव हार गये हैं.
इन लोगों ने बचा ली है अपनी सीट
नवगछिया नगर पंचायत के हृदय स्थल वार्ड नंबर 21 से रंजीत भगत अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे हैं. यहां से उनकी पत्नी वार्ड पार्षद थी. वार्ड नंबर तीन पर पत्थरबाजी और इवीएम तोड़े जाने की घटना के बाद भी यहां से वार्ड पार्षद रहे भाजपा नेता उमेश सिंह की पत्नी लालमुनी देवी चुनाव जीत गयी है. जदयू जिलाध्यक्ष चंदेश्वरी प्रसाद सिंह के भाई सुभाष सिंह भी अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे हैं तो नगर पंचायत में गहरी पैठ रखने वाले निवर्तमान उपमुख्य पार्षद अरुण कुमार यादव उर्फ केडी के पुत्र अजय कुमार यादव वार्ड नंबर 16 से जीत गये हैं. मालूम हो कि इस बार केडी चुनावी मैदान में नहीं थे. कुछ और लोग हैं जो अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे हैं.
सामने आये नये चेहरे, तीन 23 वर्ष से भी कम उम्र के
इस बार वार्ड नंबर 22 से राजद नेता बाहुबली स्व विनोद यादव के पुत्र अभिषेक रमण उर्फ टीएन यादव चुनाव जीत कर आये हैं. टीएन महज 22 वर्ष हैं. वार्ड नंबर 17 से डब्लू यादव की पत्नी प्रीति कुमारी चुनाव जीत गयी हैं वे भी 22 वर्ष की हैं. इधर वार्ड नंबर 18 से भाजपा के नगर अध्यक्ष मुकेश राणा की पत्नी चंपा कुमारी चुनाव जीत कर सामने आयी हैं. वे महज 23 वर्ष की हैं. इस बार नवगछिया नगर पंचायत से कई ऐसे चेहरे जीत कर सामने आये हैं जिनकी उम्र 35 वर्ष से नीचे हैं. लोग कह रहे हैं कि इस बार नगर पंचायत की पूरी टीम युवाओं का कही है. मालूम हो कि 23 वार्ड पार्षदों में से 13 सीट पर महिला उम्मीदवार चुनाव जीत कर आयी हैं.

